CCL मुख्यालय में शुरू हुआ 3 दिवसीय आधार कैंप, पहले ही दिन उमड़ी लोगों की भीड़

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को तीन दिवसीय आधार नामांकन एवं अद्यतन शिविर का शुभारंभ किया गया। कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा आमजन को आधार संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष शिविर का उद्घाटन सीसीएल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण) संजय कुमार ठाकुर ने किया।

इस अवसर पर प्रबंधक (खेल) आदिल हुसैन सहित बड़ी संख्या में सीसीएल कर्मी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। शिविर का आयोजन 2 जून से 4 जून 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें आधार नामांकन और अपडेट की सेवाएं सभी आयु वर्गों के लिए उपलब्ध हैं। 0 से 5 वर्ष, 5 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में आधार से जुड़ी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

शिविर के पहले दिन लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कर्मचारी, उनके आश्रित और अन्य लाभार्थी आधार नामांकन एवं अद्यतन कराने पहुंचे। पहले ही दिन करीब 40 लोगों का आधार नामांकन और अपडेट कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

लाभार्थियों ने सीसीएल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की बचत करने वाली और बेहद उपयोगी व्यवस्था बताया। शिविर के माध्यम से आधार संबंधी सेवाओं को अधिक सुगम, सुलभ और समयबद्ध बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

सीसीएल प्रबंधन समय-समय पर अपने कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के कल्याण के लिए ऐसी जनहितकारी पहलें करता रहा है। यह शिविर भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे लोगों को आवश्यक सेवाएं उनके निकट और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध हो सकें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.