ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों पर किसानों को मिलेगी राहत, मंत्री गणेश जोशी ने दिए तत्काल सर्वे के निर्देश
कृषि मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि प्रभावित किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों से सर्वेक्षण और भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा, ताकि किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
बैठक के दौरान गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को राज्य सरकार की ओर से आपदा मानकों के समान अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। राहत राशि समय पर मिलने से प्रभावित किसानों को नुकसान की भरपाई करने में मदद मिल सकेगी।
समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री ने प्रदेश में कृषि एवं उद्यान क्षेत्र की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती से जोड़ने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की परिस्थितियों में इन फसलों की खेती की अच्छी संभावनाएं हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर मिल सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को इन फसलों से संबंधित विभागीय योजनाओं, तकनीकी जानकारी और उपलब्ध सहायता के बारे में जागरूक किया जाए। साथ ही पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
कृषि मंत्री ने कृषि एवं उद्यान विभाग की सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में प्रभावी ढंग से लागू करने और तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को नियमित समीक्षा के साथ कार्यों की प्रगति पर भी ध्यान देना होगा।
