देहरादून। उत्तराखंड के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों में शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कॉलेजों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, बेहतर पुस्तकालय, छात्रावास और खेल सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया है।
शुक्रवार को आमावाला स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कॉलेजों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है।डॉ. धन सिंह रावत ने निर्देश दिए कि जिन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों में छात्रावासों की आवश्यकता है, वहां निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्राथमिकता के आधार पर शासन को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि कॉलेजों में आधुनिक प्रयोगशालाओं और बेहतर पुस्तकालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने छात्र-छात्राओं के लिए शुद्ध पेयजल, पर्याप्त फर्नीचर, खेल सामग्री और ओपन जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रस्ताव भी जल्द तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ बेहतर आवासीय और शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे अपनी तकनीकी दक्षता को और निखार सकें।
बैठक में युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। डॉ. रावत ने अधिकारियों को आगामी नवंबर में व्यापक स्तर पर तीन रोजगार मेले आयोजित करने की तैयारी करने के निर्देश दिए। इन मेलों में पॉलिटेक्निक से पढ़ाई पूरी कर चुके विद्यार्थियों के साथ अन्य बेरोजगार युवाओं को भी शामिल किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभाग को अभी से कंपनियों और संभावित नियोजकों के साथ समन्वय की तैयारी करनी चाहिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक लोहाघाट, सल्ट, दन्या, गरुड़, गैरसैंण, नई टिहरी, पंतनगर और काशीपुर में भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। इन्हें जल्द पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, उप सचिव ब्योमकेश दुबे, निदेशक सचिव यूबीटीआर मुकेश पांडे, संयुक्त निदेशक एस.के. वर्मा, उप निदेशक एम.के. कन्याल सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
