After Header-1

सीएम धामी का बड़ा फैसला, शहरी निकायों को 328 करोड़ और तीन निकायों को 3 करोड़ मंजूर

 देहरादून। उत्तराखंड में शहरी विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहरी स्थानीय निकायों को 328 करोड़ 27 लाख 80 हजार रुपये की धनराशि अवमुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके साथ ही तीन गैर-निर्वाचित निकायों को भी तीन करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में सीसी मार्ग निर्माण के लिए भी वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री की स्वीकृति के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 की तृतीय किश्त के तहत शहरी स्थानीय निकायों को 328.278 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। यह धनराशि अक्टूबर से दिसंबर 2026 की अवधि के लिए निर्धारित है। इसका अनुमोदन छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में पंचम राज्य वित्त आयोग की व्यवस्था के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में आवंटित धनराशि के आधार पर किया गया है।

इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही यानी अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 के लिए तीन गैर-निर्वाचित निकायों को कुल तीन करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने की मंजूरी दी गई है। इस फैसले से संबंधित निकायों को आवश्यक कार्यों और व्यवस्थाओं के संचालन में वित्तीय सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की कुणिया ग्राम सभा में तपड़ी घाट से गोलमानू प्राथमिक विद्यालय तक सीसी मार्ग निर्माण को मंजूरी प्रदान की है। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत इस परियोजना के लिए 72.63 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए स्वीकृत धनराशि का 60 प्रतिशत यानी 43.578 लाख रुपये प्रथम किश्त के रूप में जारी करने की भी मंजूरी दी गई है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।

शहरी निकायों को वित्तीय सहायता मिलने से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। वहीं, डीडीहाट में सीसी मार्ग बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। प्राथमिक विद्यालय तक सड़क संपर्क बेहतर होने से विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों को भी लाभ मिल सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.