मुख्यमंत्री की ओर से यह अनुमोदन छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में पंचम राज्य वित्त आयोग की व्यवस्था के अनुसार दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में आवंटित धनराशि के आधार पर वर्ष 2026-27 की तृतीय किश्त जारी की जाएगी। यह किश्त अक्टूबर से दिसंबर 2026 की अवधि के लिए निर्धारित है।
मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही यानी अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 के लिए तीन गैर-निर्वाचित निकायों को कुल तीन करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने की भी मंजूरी दी है। इस वित्तीय सहायता से संबंधित निकायों को आवश्यक कार्यों और व्यवस्थाओं के संचालन में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण से जुड़ी एक महत्वपूर्ण घोषणा को भी मंजूरी दी है। इसके तहत कुणिया ग्राम सभा में तपड़ी घाट से गोलमानू प्राथमिक विद्यालय तक सीसी मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।
इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 72.63 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए स्वीकृत कुल धनराशि का 60 प्रतिशत यानी 43.578 लाख रुपये प्रथम किश्त के रूप में जारी करने की मंजूरी भी दी गई है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।
शहरी निकायों को धनराशि जारी करने और डीडीहाट में सीसी मार्ग निर्माण की स्वीकृति से प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। खासकर सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों और गोलमानू प्राथमिक विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
