रांची। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। सीसीएल के पर्यावरण विभाग द्वारा बच्चों के लिए चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 250 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की वैश्विक थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” रखी गई है। इसी थीम को केंद्र में रखकर आयोजित प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने चित्रों, स्लोगनों और निबंधों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण तथा सतत जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में सीसीएल के निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे कल के जिम्मेदार नागरिक हैं और पर्यावरणीय चेतना को जन-आंदोलन बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों ने अपने हुनर और जागरूकता के माध्यम से यह संदेश दिया कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम ने न केवल बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया, बल्कि उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता भी विकसित की।
सीसीएल की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही यह आयोजन युवाओं को सतत विकास और हरित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बना। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीसीएल मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।