पुणे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत और उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं की छवि खराब करने से कांग्रेस को सत्ता हासिल नहीं होगी। उन्होंने राहुल गांधी को विदेशों में बयान देने के बजाय गांवों में जाकर जनता के बीच काम करने की सलाह दी।
पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में नेशनल हेवी इंजीनियरिंग कोऑपरेटिव की पुनरुद्धार परियोजना की आधारशिला रखने के बाद अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से कांग्रेस हताश है और इसी कारण देश के नेतृत्व तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बना रही है।
शाह ने हैदराबाद में आयोजित भारत समिट के दौरान राहुल गांधी की ओर से की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता विदेशों में भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं के प्रति जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दस वर्षों के शासन में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए। इसके विपरीत उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को भ्रष्टाचार मुक्त बताते हुए कहा कि इस दौरान भ्रष्टाचार का कोई मामला सामने नहीं आया।
अमित शाह ने कांग्रेस को अपने राजनीतिक रवैये में बदलाव लाने की नसीहत देते हुए कहा कि यदि पार्टी ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली तो उसे अगले 30 वर्षों तक सत्ता से बाहर रहना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि अमित शाह महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान पुणे में उनके कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। उनके इस बयान से कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

