14 साल की तारिणी लोढ़ा दिखाएंगी अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी में दम, ‘नॉक आउट’ के साथ एफईआई विश्व चैलेंज में लेंगी हिस्सा
मुंबई। महज 14 वर्ष की उम्र में घुड़सवारी की दुनिया में अपनी पहचान बना रहीं मुंबई की तारिणी लोढ़ा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। तारिणी 16 से 20 नवंबर तक बेंगलुरु के सर्ज स्टेबल्स में आयोजित होने वाले एफईआई ड्रेसाज विश्व चैलेंज 2026 के दक्षिण क्षेत्र मुकाबले में हिस्सा लेंगी। वह अपने घोड़े ‘नॉक आउट’ के साथ मैदान में उतरेंगी और राष्ट्रीय स्तर पर किए गए शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगी।
मुंबई के एमेच्योर राइडर्स क्लब का प्रतिनिधित्व करने वाली तारिणी ड्रेसाज स्पर्धा में विशेषज्ञता रखती हैं। हालांकि, वह शो जंपिंग में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं और कॉन्कोर्स सॉट नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने महज 10 वर्ष की उम्र में प्रतिस्पर्धी घुड़सवारी की शुरुआत की थी। फिलहाल वह चेन्नई इक्विटेशन सेंटर में कोच इसाबेल हसलेडर और मुंबई में कोच बोबिन शेरिंग के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। वह सप्ताह में पांच दिन घुड़सवारी के साथ फिटनेस और शारीरिक मजबूती पर भी ध्यान देती हैं।
तारिणी और उनके घोड़े नॉक आउट की जोड़ी पहले भी कई प्रतियोगिताओं में अपनी छाप छोड़ चुकी है। वर्ष 2025 में बेंगलुरु में आयोजित इक्वेस्ट्रियन प्रीमियर लीग की चिल्ड्रेन-1 ड्रेसाज स्पर्धा में दोनों ने 65.841 प्रतिशत अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता था।
दिसंबर 2025 में जूनियर नेशनल इक्वेस्ट्रियन चैंपियनशिप में भी इस जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। चिल्ड्रेन ग्रुप-1 ड्रेसाज टीम स्पर्धा में तारिणी ने व्यक्तिगत रूप से 70.154 प्रतिशत अंक हासिल किए। उनके प्रदर्शन की बदौलत टीम ने 272.579 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
हालिया ड्रीम अलायंस-6 प्रतियोगिता में भी तारिणी ने 69.137 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद 71.85 प्रतिशत अंकों के प्रदर्शन के साथ उन्होंने दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
तारिणी ने प्रतियोगिता को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि वह अपनी तकनीक, निरंतरता और आत्मविश्वास बेहतर करने के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं। उन्होंने नॉक आउट के साथ अपनी साझेदारी को अपनी खेल यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
उनकी कोच इसाबेल हसलेडर के अनुसार, तारिणी में सीखने की ललक, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण है। नॉक आउट के साथ उनकी बेहतर होती समझ और तालमेल उनके प्रदर्शन को मजबूती दे रहे हैं।
मुंबई के कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल में पढ़ाई के साथ खेल का संतुलन बना रहीं तारिणी का लक्ष्य भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करना है।

