सतपाल महाराज ने अधिकारियों को लगाई फटकार, कहा- जनता की समस्याओं का तुरंत करें समाधान

पौड़ी। सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं और जनहित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। विकास भवन सभागार, पौड़ी में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी द्वारा कैबिनेट मंत्री के स्वागत के साथ हुई। समीक्षा बैठक में सड़क निर्माण, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सतपाल महाराज ने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करें और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न मोटर मार्गों और निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री ने सड़क निर्माण और डामरीकरण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि आपात स्थिति में जीवनरेखा होती हैं।

बैठक में वन विभाग से जुड़े लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर 30 मई तक लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में स्वीकृत पदों के मुकाबले तीन पद रिक्त पाए गए। इस पर मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने और रिक्त पदों को भरने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में पेयजल, पशुपालन, बाल विकास, युवा कल्याण और समाज कल्याण विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.