After Header-1

जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक पर मारपीट और हंगामे का आरोप, भाजपा ने बताया शर्मनाक

देहरादून। जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक से जुड़ी मारपीट, हंगामे और कथित अभद्र व्यवहार की घटना को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इस घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए इसे बेहद शर्मनाक और नैतिकता की पराकाष्ठा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना ने एक बार फिर कांग्रेस के अराजक और अलोकतांत्रिक रवैये को जनता के सामने उजागर कर दिया है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और विधायकों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है। जनता द्वारा पहले ही नकारे जाने के बावजूद पार्टी के नेताओं की कथित हिंसक प्रवृत्ति जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में जनता और उसकी चुनी हुई सरकार के खिलाफ किसी भी तरह की गुंडागर्दी या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों का जवाब कानून और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत दिया जाएगा।

भट्ट ने कहा कि मीडिया के माध्यम से सामने आए घटनाक्रम में कांग्रेस विधायक पर मारपीट, हंगामा और अमर्यादित व्यवहार के आरोप गंभीर हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, विपक्ष के नेता प्रदेश सरकार के विकास कार्यों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की लोकप्रियता से परेशान हैं। इसी बौखलाहट में कांग्रेस लगातार झूठ, भ्रम और अफवाहों के सहारे प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जागरूक और जिम्मेदार जनता विपक्ष की ऐसी राजनीति को समझती है। सरकार विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है और विपक्ष के नकारात्मक प्रयासों का जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए कांग्रेस में हताशा और निराशा दिखाई देने लगी है। जनता के बीच अपनी राजनीतिक स्थिति को लेकर असहज विपक्ष इस तरह के घटनाक्रमों के जरिए चर्चा में बने रहने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.