मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक गतिविधियों के इतिहास में इस मेले का विशेष महत्व रहा है। यह आयोजन दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी सौहार्द और आत्मीयता को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। यहां की लोकसंस्कृति, परंपराएं और स्थानीय रीति-रिवाज हमारी विशिष्ट पहचान हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ स्थानीय कलाकारों, कारीगरों और व्यापारियों को भी बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सरकार सीमांत क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय संस्कृति के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही आजीविका के अवसर मिलें और पलायन पर अंकुश लगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने से ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस), 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है।

