मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया की आराधना को समर्पित यह महापर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, अनुशासन, संयम और समर्पण की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने वाला पर्व भी है। इस अवसर पर श्रद्धालु पूरी निष्ठा और पवित्रता के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करती है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सामूहिकता और सामाजिक समरसता है। इसमें समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ मिलकर पूजा-अर्चना करते हैं और लोक आस्था की इस परंपरा को आगे बढ़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता में पूर्वांचल समाज का भी महत्वपूर्ण योगदान है। छठ जैसे पर्व प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को और समृद्ध बनाते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से पर्व की पवित्रता, स्वच्छता और पारंपरिक मूल्यों को बनाए रखते हुए छठ महापर्व मनाने का आह्वान किया।

