इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में सड़क, सुरक्षा, सामुदायिक भवन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास के संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इन विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास
शिलान्यास की गई योजनाओं में ग्राम पंचायत कार्लीगाड़ में शिव मंदिर के पास 13.05 लाख रुपये की लागत से सुरक्षात्मक दीवार का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, सहस्रधारा स्थित कार्लीगाड़ में 32.74 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत मोटीधार में 9.32 लाख रुपये की लागत से आंतरिक सीसी मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य तथा ग्राम लुहारीगढ़ में 18.86 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान राकेश जावड़ी, कृपाल जवाड़ी, धीरज थापा, सुनील चमोली, रतन सिंह नेगी, प्रेम कोह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

