देहरादून। गणेश जोशी ने खटीमा स्थित सीएसडी कैंटीन को यूआरसी (यूनिट रन कैंटीन) कोड उपलब्ध कराने के लिए भारतीय सेना के मध्य कमान के आर्मी कमांडर को पत्र भेजा है। मंत्री ने कहा कि इस कदम से क्षेत्र के हजारों पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
सैनिक कल्याण मंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि ऊधम सिंह नगर जनपद में करीब 9000 से अधिक पूर्व सैनिक और उनके परिवार निवास करते हैं। खटीमा स्थित सीएसडी कैंटीन इस पूरे क्षेत्र की प्रमुख सुविधा केंद्र के रूप में कार्य कर रही है। इससे खटीमा, सितारगंज, नानकमत्ता और शक्तिफार्म क्षेत्र के पूर्व सैनिक नियमित रूप से लाभ लेते हैं।
उन्होंने बताया कि केवल पूर्व सैनिक ही नहीं, बल्कि असम राइफल्स और अन्य सैन्य बलों के सेवारत एवं सेवानिवृत्त जवान भी इस कैंटीन से जुड़े हुए हैं। ऐसे में कैंटीन को यूआरसी कोड मिलने से संचालन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा सुविधाओं का दायरा भी बढ़ेगा।
गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि रही है और प्रदेश में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक रहते हैं। इसलिए उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि खटीमा सीएसडी कैंटीन को यूआरसी कोड प्रदान किया जाना अत्यंत आवश्यक है ताकि यहां आने वाले पूर्व सैनिकों को बेहतर सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मंत्री ने केंद्रीय कमान से इस मामले में जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। माना जा रहा है कि यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत हो जाता है तो क्षेत्र के हजारों पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
पूर्व सैनिक संगठनों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही खटीमा सीएसडी कैंटीन को यूआरसी कोड मिल जाएगा।