NEET पेपर लीक पर भाजपा का बड़ा बयान, CBI जांच से जल्द होंगे बड़े खुलासे

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को गंभीर बताते हुए इसकी सीबीआई जांच का स्वागत किया है। पार्टी ने कहा कि केंद्र सरकार इस प्रकरण को लेकर पूरी तरह गंभीर है और दोषियों के खिलाफ जल्द कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने युवाओं से सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सीबीआई जांच के माध्यम से पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों के विश्वास को कमजोर करती हैं, इसलिए केंद्र सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंप दी है।

इस दौरान भाजपा ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। महेंद्र भट्ट ने कहा कि आज विपक्ष नैतिकता की बातें कर रहा है, जबकि उनके शासनकाल में नियुक्तियों और परीक्षाओं में “पर्ची और खर्ची” का दौर चलता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय पेपर लीक और भर्ती घोटालों के मामलों में परीक्षा रद्द कराने के लिए अदालतों का सहारा लेना पड़ता था।

भाजपा नेता ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच एजेंसियों को अपना काम करने दें।

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक की आशंका के बाद रद्द कर दी गई है। मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दी गई है। इस फैसले के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच परीक्षा प्रक्रिया को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.