After Header-1

हाईटेंशन लाइन की चिंगारी ने उजाड़ी किसानों की मेहनत, 30 बीघा गन्ने की फसल जलकर राख

हरिद्वार, 13 नवंबर। खानपुर थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव स्थित मदारपुर जंगल में हाईटेंशन बिजली लाइन से निकली चिंगारी ने किसानों की सालभर की मेहनत को बर्बाद कर दिया। बिजली के तारों से निकली चिंगारी के कारण गन्ने के खेतों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 30 बीघा गन्ने की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में कई किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

हादसे के बाद प्रभावित किसानों में आक्रोश है। उन्होंने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

पीड़ित किसान घोर सिंह, मनोज, घोरनपाल, मोहकम और सुदेशना का आरोप है कि उनके खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के तार लंबे समय से ढीले होकर झूल रहे थे। इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन इसके बावजूद तारों को दुरुस्त नहीं कराया गया।

किसानों के मुताबिक, घटना के समय बिजली के तार आपस में टकराए, जिससे निकली चिंगारी सीधे गन्ने की खड़ी फसल पर जा गिरी। देखते ही देखते खेतों में आग फैलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि किसानों को फसल बचाने का मौका तक नहीं मिला। ग्रामीणों और किसानों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक करीब 30 बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।

पीड़ित किसानों का कहना है कि गन्ने की खेती उनकी सालभर की आमदनी का मुख्य स्रोत है। फसल तैयार होने के समय हुए इस नुकसान से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने विद्युत विभाग की कथित लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में किसानों ने खानपुर पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित खेतों का सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

खानपुर कोतवाली प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि किसानों की शिकायत की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रशासन की ओर से आग से हुए नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.