विकसित भारत पर राजनाथ सिंह का बड़ा संदेश, बोले- सिर्फ पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था लक्ष्य नहीं
लखनऊ, 13 नवंबर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था हासिल करने तक सीमित नहीं है। भारत का वास्तविक लक्ष्य ऐसा राष्ट्र बनाना है, जहां परिवारों में अच्छे संस्कार, समाज में सद्भाव, महिलाओं के प्रति सम्मान, युवाओं में अनुशासन और नागरिकों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध हो। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रख सकते हैं, लेकिन समाज में विश्वास और सद्भाव की स्थापना अच्छे संस्कारों से ही संभव है।
रक्षा मंत्री शुक्रवार को लखनऊ के सुलतानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन में नवनिर्मित ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि यह भवन सूर्य की तरह आध्यात्मिकता का प्रकाश लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में फैलाने का माध्यम बनेगा। ब्रह्माकुमारीज संस्था ने आध्यात्मिकता के जरिए लाखों लोगों को जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा दी है। संस्था करीब 140 देशों में मानवता को शांति, संतुलन और आत्मसम्मान का संदेश पहुंचा रही है।
उन्होंने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारीज की बहनें नशामुक्ति अभियान के माध्यम से समाज को जागरूक कर रही हैं। ऐसे प्रयास आध्यात्मिक चेतना, सेवाभाव और समर्पण से ही संभव होते हैं। आध्यात्मिक विकास केवल व्यक्तिगत मुक्ति का मार्ग नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चरित्र निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
राजनीति को सेवा और अध्यात्म से जोड़ने की जरूरत
रक्षा मंत्री ने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र को सही दिशा देने का जरिया है। आज राजनीति का नाम सुनकर युवाओं में कई बार नकारात्मक भाव पैदा होते हैं। इस स्थिति को बदलने के लिए राजनीति को अध्यात्म और सेवा से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत हित से पहले समाज के हित को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। सार्वजनिक जीवन में आने वाले लोगों के मन में अधिकार से पहले उत्तरदायित्व का भाव होना चाहिए। भारत में राजधर्म की समृद्ध परंपरा रही है, जिसमें शासक को प्रजा के सुख-दुख का सहभागी माना गया है। युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए इसी सेवा और उत्तरदायित्व की भावना को फिर से स्थापित करना होगा।
विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा लखनऊ
राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ आज अपनी नई पहचान बना रहा है। शिक्षा, संस्कृति, रक्षा, सुरक्षा, उद्योग और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में शहर अपनी विशिष्ट उपस्थिति दर्ज करा रहा है। विकास की नई संभावनाओं के साथ लखनऊ देश के सामने एक नई भूमिका में उभर रहा है।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज लखनऊ की सब जोन प्रभारी राजयोगिनी बीके राधा दीदी ने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थापना के 90 वर्ष और लखनऊ में संस्था की आध्यात्मिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। इसी आयोजन श्रृंखला के तहत दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण किया गया है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक ओपी श्रीवास्तव और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

