उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने बढ़ाया देश का मान, दुनिया के टॉप 100 विश्वविद्यालयों में बनाई जगह

देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने वैश्विक स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ल्ड यूनिवर्सिटीज रियल इम्पैक्ट (WURI) रैंकिंग 2026 में भारत के शीर्ष 5 विश्वविद्यालयों में स्थान बनाया है। इतना ही नहीं, विश्वविद्यालय को विश्व के शीर्ष 100 संस्थानों में 85वीं रैंक प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

स्विट्जरलैंड से जारी इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में उत्तरांचल विश्वविद्यालय उत्तराखंड का एकमात्र विश्वविद्यालय है जिसे यह सम्मान मिला है। विश्वविद्यालय ने भारत में तीन प्रमुख श्रेणियों में पहला स्थान हासिल किया है। इनमें वैश्विक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक जोखिमों के लिए भविष्योन्मुखी प्रतिक्रियाएं, लागत-प्रभावी प्रबंधन और प्रतिनिधि अनुसंधान परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा विश्वविद्यालय को औद्योगिक अनुप्रयोग, डिजिटल और एआई परिवर्तन, सतत विकास, समावेशी सामाजिक नवाचार और अंतःविषयक अनुसंधान जैसी आठ अन्य श्रेणियों में भी भारत के शीर्ष पांच संस्थानों में स्थान मिला है।

विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने इस उपलब्धि पर अनुसंधान एवं नवाचार टीम और संकाय सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह रैंकिंग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि ने बताया कि WURI रैंकिंग विश्वविद्यालयों के समाज पर वास्तविक प्रभाव का मूल्यांकन करती है। इसमें शिक्षा, शोध, सामाजिक उत्तरदायित्व, एआई आधारित शिक्षण, छात्र सहभागिता और औद्योगिक उपयोगिता जैसे कई मानकों को शामिल किया जाता है।

अनुसंधान एवं नवाचार निदेशक डॉ. राजेश सिंह और संयुक्त निदेशक डॉ. अनीता गहलोत ने बताया कि विश्वविद्यालय को लगातार पांचवीं बार WURI रैंकिंग में स्थान मिला है, जो संस्थान की निरंतर प्रगति का प्रमाण है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.