ऐकेश्वर (पौड़ी)। सतपाल महाराज ने अपने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के विकासखण्ड ऐकेश्वर में 73 लाख 16 हजार रुपये की लागत से बनने वाले मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। राज्य योजना के तहत बनने वाला यह मार्ग तिलखोली मोटर मार्ग के संगलाकोटी बैंड से संगलाकोटी गांव तक द्वितीय चरण स्टेज-2 के अंतर्गत तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह सड़क परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने और लोगों की आवाजाही को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पहले ग्राम सभा की मांग पर इस मोटर मार्ग के प्रथम चरण को स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद दूसरे वर्ष स्टेज-1 का कार्य पूरा हुआ और अब तीसरे वर्ष में स्टेज-2 के निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई है।
महाराज ने कहा कि इस चरण में सड़क से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण कार्य जैसे स्कबर, नालियां और पुस्तों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे सड़क अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बन सके। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क संपर्क सुधारने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सतपुली-रीठाखाल-संगलाकोटी-पोखड़ा मोटरमार्ग की स्थिति को भी बेहतर किया गया है। इसके अलावा संगलाकोटी-भेड़गांव-बड़ेत और कोलाबिजोरा पानी के बीच लंबे समय से सड़क निर्माण की समस्या बनी हुई थी, जिसे रिंग रोड निर्माण के माध्यम से हल किया गया।
सतपाल महाराज ने बताया कि संगलाकोटी बाजार से कमलपुर इंटर कॉलेज तक मोटरमार्ग का निर्माण भी कराया गया है। साथ ही आपदा के दौरान प्रभावित संगलाकोटी बाजार में नाली निर्माण, सड़क पर टाइल्स लगाने और मलबा हटाने जैसे कार्य भी पूरे किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य दूरस्थ गांवों तक बेहतर सड़क सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल सके और लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों से राहत मिल पाए।