पीएम मोदी की अपील पर सीएम धामी का बड़ा संदेश, देशहित में बदलें अपनी आदतें

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने देशहित को सर्वोपरि बताते हुए नागरिकों से ऊर्जा संसाधनों की बचत और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करने में सहयोग देने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से किया गया आह्वान केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यदि हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए छोटे-छोटे संकल्प ले, तो इसका बड़ा असर देश की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा पर दिखाई देगा। उन्होंने लोगों से अनावश्यक विदेश यात्राएं टालने, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। मुख्यमंत्री के अनुसार बिजली और ईंधन की बचत से देश विदेशी निर्भरता कम कर सकता है और आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बन सकता है।

धामी ने लोगों से एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचने, खेती में रासायनिक उर्वरकों की जगह प्राकृतिक खाद का उपयोग करने और खाद्य तेल का संयमित इस्तेमाल करने का भी आग्रह किया। उनका कहना था कि ऐसे छोटे प्रयास देश की आर्थिक स्थिरता और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए लाभकारी साबित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से भारत आर्थिक और ऊर्जा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.