After Header-1

पंतनगर में संरक्षित खेती सीखेंगे देहरादून के 28 किसान, आय बढ़ाने की मिलेगी तकनीकी जानकारी

देहरादून, 17 नवंबर। प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और पहल की है। इसी क्रम में मंगलवार को कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय से जनपद देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों के 28 किसानों के दल को गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए रवाना किया। किसान यहां संरक्षित खेती की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। संरक्षित खेती आधुनिक कृषि की महत्वपूर्ण तकनीक है। इसके माध्यम से किसान कम भूमि और नियंत्रित वातावरण में भी बेहतर गुणवत्ता वाली फसलों का उत्पादन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में संरक्षित खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों के खेतों में बड़े स्तर पर पॉली हाउस का निर्माण करा रही है। इसका उद्देश्य किसानों को बेमौसमी सब्जियों, फूलों और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन से जोड़ना है। पॉली हाउस के माध्यम से मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से फसलों को बचाने के साथ बेहतर उत्पादन और किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

पॉली हाउस निर्माण पर मिल रही सब्सिडी

कृषि मंत्री ने कहा कि पॉली हाउस निर्माण के लिए सरकार किसानों को आकर्षक अनुदान भी उपलब्ध करा रही है। इससे छोटे और युवा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने का अवसर मिल रहा है। सरकार का प्रयास है कि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई तकनीकों को अपनाकर स्वरोजगार और आर्थिक समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, प्रशिक्षण देने और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रशिक्षण के बाद दूसरे किसानों को भी देंगे जानकारी

मंत्री जोशी ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय में मिलने वाला प्रशिक्षण किसानों के लिए उपयोगी साबित होगा। यहां किसान संरक्षित खेती की वैज्ञानिक विधियों, आधुनिक तकनीकों और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। प्रशिक्षण के बाद वे इन तकनीकों को अपने खेतों में अपनाकर उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार कर सकेंगे।

उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किसान अपनी तकनीकी जानकारी और अनुभवों को अन्य किसानों के साथ भी साझा करेंगे। इससे प्रदेश में वैज्ञानिक और आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा तथा अधिक से अधिक किसान संरक्षित खेती की ओर प्रेरित होंगे।

इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डीके तिवारी सहित विभागीय अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.