ग्राफिक एरा के छात्रों ने रचा इतिहास, 61 लाख तक के पैकेज पर हुआ चयन

देहरादून। Graphic Era Group of Institutions में शानदार प्लेसमेंट हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित करने के लिए भव्य समारोह आयोजित किया गया। सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में 723 छात्रों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में आकर्षक पैकेज पर नौकरी हासिल की है। समारोह में छात्रों के साथ उनके अभिभावकों का भी विशेष सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन Dr. Kamal Ghanshala ने कहा कि करियर की शुरुआत में केवल बड़ा पैकेज महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि बेहतर कार्य संस्कृति, सीखने के अवसर और आगे बढ़ने की संभावनाएं ज्यादा मायने रखती हैं। उन्होंने छात्रों को ईमानदारी, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

सम्मान समारोह में सबसे अधिक चर्चा उन छात्रों की रही, जिन्हें गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेज़न और डी.ई. शॉ जैसी बड़ी कंपनियों में करोड़ों के करीब पैकेज मिले। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के छात्र प्रदीप रावत को गूगल में 61.63 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयनित होने पर एक लाख रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी गई। वहीं शिवम अग्रवाल को डी.ई. शॉ में 60.3 लाख और कुणाल कुमार को माइक्रोसॉफ्ट में 56 लाख रुपये के पैकेज पर चयन मिलने पर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा अर्शिता, श्रेया महाजन, आस्था मेहता और आदर्श भारती मूसा को भी गूगल और अमेज़न में शानदार पैकेज मिलने पर सम्मानित किया गया। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के छात्रों ने भी माइक्रोसॉफ्ट और गूगल जैसी कंपनियों में चयन पाकर संस्थान का नाम रोशन किया।

समारोह में कक्षा 10 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया। Graphic Era Global School की छात्रा अहाना धवन ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.