कर्मचारियों की समस्याओं पर सरकार गंभीर, मंत्री भरत सिंह चौधरी ने दिए बड़े संकेत

देहरादून। उत्तराखंड सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर आ रही है। ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री Bharat Singh Chaudhary ने उद्योग विभाग राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया है कि कर्मचारियों से जुड़े सभी मामलों का नीतिगत और न्यायोचित समाधान किया जाएगा।

यमुना कॉलोनी स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उद्योग विभाग राज्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने मंत्री से शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न विभागीय समस्याओं और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों ने स्थानांतरण, विभागीय पदोन्नति (डीपीसी), मृतक आश्रित नियुक्ति और संविदा कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारी प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों के कारण कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है, जिसका जल्द समाधान होना जरूरी है।

मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और सभी मामलों को पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ देखा जाएगा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिन मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई संभव है, उन पर जल्द निर्णय लिया जाएगा, जबकि नीतिगत मामलों को उचित स्तर पर विचार के बाद हल किया जाएगा।

बैठक में उद्योग विभाग राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, सचिव पंकज चौहान, प्रचार मंत्री प्रदीप नेगी, कोषाध्यक्ष सचिन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कर्मचारी प्रतिनिधियों ने सरकार की सकारात्मक पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर जल्द ठोस निर्णय लिए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.