कटरा में गूंजी गायत्री मंत्रों की ध्वनि, शांतिकुंज ने स्थापित किया नया चेतना केंद्र

हरिद्वार। Gayatri Pariwar के प्रमुख केंद्र Shantikunj ने जम्मू-कश्मीर के कटरा क्षेत्र के धनौरी में नया गायत्री चेतना केंद्र स्थापित कर भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। त्रिकूट पर्वत की पवित्र वादियों में आयोजित इस विशेष समारोह में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि Dr. Chinmay Pandya ने धनौरी स्थित गायत्री चेतना केंद्र में सद्बुद्धि की अधिष्ठात्री मां गायत्री और महाकाल शिव की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। इसके साथ ही युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में निर्मित “सजल श्रद्धा-प्रखर प्रज्ञा” स्मारक का भी लोकार्पण किया गया।

समारोह के दौरान डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि श्रद्धा, विश्वास और समर्पण मानव जीवन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि त्रिकूट पर्वत के मध्य स्थापित यह चेतना केंद्र केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक जागरण और मानव मूल्यों के प्रसार का केंद्र बनेगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे गुरुदेव के आदर्शों को जीवन में उतारकर समाज निर्माण में योगदान दें।

गायत्री परिवार के प्रमुख Dr. Pranav Pandya और शैलदीदी के मार्गदर्शन में देशभर में गायत्री चेतना केंद्र स्थापना अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जम्मू-कश्मीर में यह नई पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

शांतिकुंज के मीडिया विभाग के अनुसार समारोह में मंडल आयुक्त जम्मू रमेश कुमार, विधायक बलदेव राज शर्मा और Shri Mata Vaishno Devi Shrine Board के अध्यक्ष सचिन कुमार वैश्य सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.