केदारनाथ में गूंजा सूफी सुर: कैलाश खेर ने किए बाबा केदार के दर्शन

उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम में गुरुवार को भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब प्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचे।

कैलाश खेर ने सुबह के समय मंदिर पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक कर बाबा केदार का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने आध्यात्मिक शांति का अनुभव साझा करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम आकर उन्हें विशेष सुकून और ऊर्जा मिली है।

बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, मंदिर समिति की ओर से गायक का स्वागत किया गया और उन्हें भगवान केदारनाथ का प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।

कैलाश खेर ने अपनी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें बाबा केदार के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जो उनके जीवन के यादगार पलों में शामिल रहेगा। उन्होंने यात्रा मार्ग और व्यवस्थाओं की भी सराहना की और कहा कि श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बेहतर बनाई गई हैं।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, बुधवार को, कैलाश खेर ने बदरीनाथ धाम के भी दर्शन किए थे। उनकी यह आध्यात्मिक यात्रा लगातार चर्चा में बनी हुई है।

इस अवसर पर बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगण, सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, प्रभारी अधिकारी डीएस भुजवाण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.