उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकास खंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार को मजबूती मिलेगी और आपदा प्रबंधन के साथ ही सामरिक दृष्टि से भी राज्य को लाभ होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों की मौजूदगी में कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने बताया कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है, जबकि 40 हजार से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिला है। इस पहल से प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुलभ बनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हेली सेवा के विस्तार के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है। चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टियों के प्रभावी संचालन से पर्यटन, आपदा राहत और सामरिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, ब्लॉक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।