गदरपुर। प्रशासनिक उदासीनता और न्याय न मिलने से आहत एक चाय विक्रेता ने गुरुवार को थाने के बाहर आत्मदाह का प्रयास कर सनसनी फैला दी। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से समय रहते उसे रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार सोनू नामक युवक रविवार बाजार में चाय की दुकान लगाता है। करीब चार माह पूर्व अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी का पर्स छीन लिया था। पर्स में मोबाइल फोन और हजारों रुपये की नकदी बताई जा रही है। पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही किसी प्रकार की ठोस जांच शुरू हुई।
सोनू का कहना है कि वह लगातार न्याय की गुहार लगाता रहा। उसने क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे और नगर के चेयरमैन मनोज कुमार मिंटू सहित कई जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की, लेकिन हर बार उसे केवल आश्वासन ही मिला। कार्रवाई न होने से निराश होकर उसने आत्मदाह जैसा कदम उठाने का फैसला किया।
गुरुवार को वह पेट्रोल की बोतल लेकर थाने के बाहर पहुंच गया और खुद पर पेट्रोल छिड़कने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद उसे समझाइश देकर शांत कराया गया।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो युवक को इतना कठोर कदम उठाने की नौबत नहीं आती। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कह रही है।