कोलकाता। पश्चिम बंगाल के प्रमुख समुद्री पर्यटन स्थल दीघा को और आकर्षक बनाने के लिए राज्य सरकार ने विकास योजनाओं का खाका तैयार किया है। यहां एक बार फिर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही समुद्र तट की प्राकृतिक सुंदरता बढ़ाने के लिए झाऊ जंगल और मैंग्रोव वन को दोबारा विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार रात दीघा-शंकरपुर विकास परिषद (डीएसडीए) के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद इन योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीघा में पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। उन्होंने बताया कि पहले समुद्र तट के किनारे फैले झाऊ के पेड़ पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र हुआ करते थे, लेकिन विकास कार्यों के दौरान इन्हें काट दिया गया था। अब झाऊ जंगल और मैंग्रोव वन को फिर से विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता लौटने के साथ समुद्री कटाव रोकने में भी मदद मिलेगी।
सरकार ने चांदपुर और शंकरपुर क्षेत्र में समुद्री कटाव रोकने के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित करने का निर्णय लिया है। वहीं, तालपट्टी से उदयपुर तक करीब 27 किलोमीटर लंबे समुद्री तटीय इलाके को अलग-अलग पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
इसके अलावा शौला से पेटुआघाट तक मरीन ड्राइव बनाने की भी योजना है। दीघा, ताजपुर और मंदारमणि में होटल सुविधाओं के साथ होमस्टे को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके तहत निर्धारित पर्यटन क्षेत्रों में चार बिस्तरों वाले होमस्टे तैयार करने वाले उद्यमियों को पांच लाख रुपये तक की सब्सिडी देने का प्रस्ताव है।
पर्यटकों की आवाजाही आसान बनाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा दोबारा शुरू की जाएगी। वहीं, ट्रेन से दीघा पहुंचने वाले यात्रियों को मंदारमणि, ताजपुर और चंदनेश्वर जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंचाने के लिए बस सेवा भी शुरू होगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पर्यटन और परिवहन विभाग के सहयोग से दीघा-शंकरपुर विकास परिषद इन बसों का संचालन करेगी। इससे पर्यटक कम खर्च में आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर कर सकेंगे।

