शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिला मुख्यालय में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पुलिस का वाहन देखकर चारों युवक चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में कूद गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने तीनों युवकों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर तालाब में तलाशी अभियान चलाया गया। मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। वहीं, चौथे युवक पुष्पेंद्र उर्फ पंकज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका अस्पताल में उपचार जारी है।
अस्पताल में परिजनों का हंगामा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष धरने पर बैठे
हादसे के बाद तीनों युवकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की कथित अनुपस्थिति को लेकर हंगामा हुआ। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने भी अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची और अस्पताल में भी डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। उनका कहना था कि समय पर चिकित्सा सुविधा मिलती तो युवकों की जान बचाई जा सकती थी। विरोध जताते हुए वह अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए।
स्थिति की जानकारी मिलने पर एडीएम सरोधन सिंह, सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और कांग्रेस नेताओं से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटनास्थल पर भीड़ बढ़ने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय दल गठित
सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने तीन युवकों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि चार युवक तालाब में कूदे थे। हालांकि, उनके तालाब में कूदने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने त्रिस्तरीय जांच दल गठित किया है। इसमें अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन को शामिल किया गया है। जांच दल घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल करेगा। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।

