After Header-1

हाथियों पर फेंकी गईं जलती मशालें! वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, वन विभाग ने शुरू की जांच

मेदिनीपुर। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के दौरान उन पर जलती हुई मशालें (हुला) फेंकने का मामला सामने आया है। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद वन्यजीवों के प्रति इस तरह के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने जांच शुरू करने और दोषियों की पहचान होने पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर के जंगलमहल क्षेत्र में इन दिनों हाथियों के झुंड की आवाजाही बनी हुई है। कालीपूजा और बांधना पर्व के आयोजन के बीच ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी के कारण सतर्क रहना पड़ रहा है। हाथियों के आबादी वाले इलाकों में प्रवेश करने की आशंका को देखते हुए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, हाथियों को गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए हुला पार्टी के सदस्यों को भी तैनात किया गया है। इसी दौरान मेदिनीपुर सदर प्रखंड के आउसाबांदी गांव के जंगल में हुला पार्टी के कुछ सदस्यों पर हाथियों की ओर जलती हुई मशालें फेंकने का आरोप लगा है।

बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम हाथियों का एक झुंड भादुतला रेंज के गड़माल से चांदड़ा रेंज के शुकनाखाली जंगल की ओर बढ़ रहा था। हाथियों को आबादी से दूर गहरे जंगल की तरफ ले जाने के लिए हुला पार्टी के सदस्य मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान हाथियों को निशाना बनाकर एक के बाद एक कई जलती हुई मशालें फेंकी गईं। इनमें से कुछ मशालें हाथियों के शरीर पर भी जा गिरीं।

घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता जताई जा रही है। हालांकि, प्रसारित वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मेदिनीपुर के वन प्रभागीय अधिकारी (डीएफओ) स्टीफन जस्टिन ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में हाथियों पर जलती हुई मशालें फेंकना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में कौन लोग शामिल थे। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.