रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की संयुक्त टीम ने कई राज्यों में दबिश देने के बाद बिहार से आरोपी को पकड़ा और किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार बिहार के मधुबनी जिले निवासी मोहम्मद अशरफ (21) पर आरोप है कि वह ट्रांजिट कैंप वार्ड नंबर 2 की नाबालिग को अपने साथ ले गया था। परिजनों ने 2 फरवरी को ट्रांजिट कैंप थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की।
शिव अरोड़ा ने भी प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई करने को कहा। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गुरुग्राम, नोएडा और पश्चिम बंगाल सहित कई स्थानों पर छापेमारी की। लगातार प्रयासों के बाद टीम ने बिहार के मुजफ्फरपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
किशोरी को सुरक्षित रुद्रपुर लाया गया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
किशोरी की सकुशल वापसी और आरोपी की गिरफ्तारी पर विधायक शिव अरोड़ा ने पुलिस टीम को सम्मानित किया। इस दौरान उपनिरीक्षक महेश कांडपाल, उपनिरीक्षक कीर्ति भट्ट, नेहा ध्यानी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और एसओजी के भूपेंद्र आर्य को शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया गया।
विधायक ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।