After Header-1

भूस्खलन प्रबंधन में उत्तराखंड बनेगा ओडिशा का मददगार, जल्द होगा दोनों राज्यों के बीच एमओयू

देहरादून। भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को कम करने और प्रभावी प्रबंधन की दिशा में उत्तराखंड और ओडिशा अब मिलकर काम करेंगे। इस संबंध में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) और ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ओएसडीएमए) के बीच जल्द ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा। दोनों राज्यों के बीच आपदा प्रबंधन से जुड़ी विशेषज्ञता, तकनीकी अनुभव और नवाचारों के आदान-प्रदान पर सहमति बनी है।

बुधवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन और ओएसडीएमए के सलाहकार एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. कमल लोचन मिश्रा के बीच इस संबंध में चर्चा हुई। इस दौरान राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला और लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी भी मौजूद रहे।

दरअसल, डॉ. कमल लोचन मिश्रा के नेतृत्व में ओएसडीएमए के विशेषज्ञ अधिकारियों के एक दल ने बुधवार को यूएसडीएमए का भ्रमण किया। इस दौरान टीम को उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से भूस्खलन न्यूनीकरण, जोखिम आकलन, निगरानी व्यवस्था, पूर्व चेतावनी प्रणाली, तकनीकी हस्तक्षेप और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।

ओडिशा में नई चुनौती बना भूस्खलन

डॉ. मिश्रा ने बताया कि हाल ही में चक्रवात अर्नब के बाद आई बाढ़ से ओडिशा के गंजाम, गजपति, कंधमाल और रायगड़ा जिलों में व्यापक प्रभाव पड़ा। इन क्षेत्रों में भूस्खलन की नई चुनौती भी सामने आई है। ऐसे में उत्तराखंड का अनुभव और यहां विकसित की गई व्यवस्थाएं ओडिशा के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने भूस्खलन प्रबंधन और न्यूनीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। यहां अपनाई जा रही तकनीकों और नवाचारों का अध्ययन कर उन्हें ओडिशा में लागू करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

ओएसडीएमए की टीम उत्तराखंड की प्रभावी व्यवस्थाओं का अध्ययन करने के साथ विशेषज्ञों से अनुभव भी साझा करेगी। प्रस्तावित एमओयू के माध्यम से दोनों राज्यों के बीच आपदा प्रबंधन को लेकर तकनीकी सहयोग और समन्वय को संस्थागत रूप देने की तैयारी है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.