After Header-1

मुनिकीरेती में बनेगा शिवालिक बायोडायवर्सिटी पार्क, निर्माण को लेकर प्रमुख सचिव ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुनिकीरेती में प्रस्तावित शिवालिक बायोडायवर्सिटी (इको) पार्क के विकास की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने स्पष्ट किया है कि पार्क का विकास प्रकृति की मौलिकता और पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखते हुए किया जाना चाहिए। इसके लिए निर्माण कार्यों को न्यूनतम रखने और प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया गया है।

प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में शिवालिक बायोडायवर्सिटी पार्क के निर्माण एवं विकास को लेकर वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित परियोजना की रूपरेखा, निर्माण कार्यों, वित्तीय प्रबंधन और भविष्य में पार्क के संचालन एवं रखरखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क में अनावश्यक सिविल निर्माण कार्यों से बचा जाए। उन्होंने कहा कि पार्क की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए। परियोजना का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक परिवेश को सुरक्षित रखते हुए जैव विविधता को अधिक से अधिक विकसित करना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर ऐसे निर्माण कार्य नहीं किए जाने चाहिए, जिनसे क्षेत्र की प्राकृतिक विशेषताओं को नुकसान पहुंचे। उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और मौजूदा संरचनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए पार्क को विकसित किया जाए। इससे एक ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर अनावश्यक निर्माण पर होने वाले खर्च में भी कमी आएगी।

आर्थिक आत्मनिर्भरता पर भी रहेगा फोकस

प्रमुख सचिव ने परियोजना के वित्तीय प्रबंधन को लेकर भी दूरदर्शी योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए खर्च और निर्माण कार्यों की प्राथमिकताएं तय की जाएं। पार्क की योजना इस तरह बनाई जाए कि भविष्य में इसके संचालन और रखरखाव के लिए स्वयं राजस्व अर्जित करने की व्यवस्था विकसित हो सके।

उन्होंने अधिकारियों से पार्क को पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य करने को कहा। इस पहल से मुनिकीरेती क्षेत्र में प्राकृतिक पर्यटन और जैव विविधता संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.