देहरादून। राजनीतिक और प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को एक अलग और भावनात्मक पहल करते हुए वृद्धाश्रमों में रह रही माताओं के बीच समय बिताया। उन्होंने डालनवाला स्थित प्रेम धाम और अम्बीवाला स्थित मां गौरी ओल्ड एज होम पहुंचकर वहां निवास कर रही महिलाओं से मुलाकात की।
मंत्री ने वृद्धाश्रम में मौजूद माताओं से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं को जाना। उन्होंने कहा, “अम्मा, मंत्री नहीं आपकी बेटी मिलने आई है।” यह सुनकर कई माताएं भावुक हो उठीं। मंत्री ने उनके स्वास्थ्य, भोजन और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
रेखा आर्या ने कहा कि एक बेटी के रूप में इन माताओं के बीच समय बिताना उनके लिए अत्यंत भावुक और अनूठा अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं पारिवारिक उपेक्षा या अन्य परिस्थितियों के कारण वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर हैं। समाज और सरकार का दायित्व है कि ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुरक्षा और संबल प्रदान किया जाए।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार वृद्धजनों की देखभाल और कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को और सशक्त बनाएगी। इस दौरान उन्होंने माताओं के साथ समय बिताया, हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मंत्री की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का इस प्रकार मानवीय पहलू दिखाना समाज में सकारात्मक संदेश देता है।