उत्तरकाशी। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यह निर्णय मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए चौहान ने कहा कि इन दोनों संस्थानों के उच्चीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब इन योजनाओं का शीघ्र धरातलीय क्रियान्वयन संभव हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू न होने के कारण छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। उच्चीकरण के बाद अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को एमए और एमएससी जैसी पढ़ाई अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा।
चौहान ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय में अपग्रेड किए जाने से स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक सुविधाओं के साथ मरीजों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य लंबे समय से क्षेत्र के प्रमुख मुद्दे रहे हैं, जिनका समाधान अब तेजी से हो रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया था, जिस पर कार्रवाई प्रक्रिया में थी। अब मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है और यमुनोत्री क्षेत्र को आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य तेज होगा।