20 साल बाद पूरी होगी पर्यावरण मित्रों की आस! महापौर के ऐलान पर रुद्रपुर में जश्न

रुद्रपुर।  नगर निगम के पर्यावरण मित्रों की दो दशक से लंबित आवास की मांग अब पूरी होने की दिशा में बढ़ती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महापौर विकास शर्मा के प्रस्ताव पर सार्वजनिक रूप से आवास निर्माण की घोषणा किए जाने के बाद सफाई कर्मचारियों में उत्साह और खुशी का माहौल है।

इसी क्रम में ‘देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ’ के बैनर तले बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्रों ने महापौर विकास शर्मा का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर महापौर ने कर्मचारियों को ट्रैक सूट वितरित कर उनका मनोबल भी बढ़ाया।

गौरतलब है कि हाल ही में नगर निगम ने खेड़ा क्षेत्र में धार्मिक स्थल की आड़ में कब्जाई गई करीब आठ एकड़ बेशकीमती भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था। महापौर विकास शर्मा ने इस भूमि में से एक एकड़ जमीन पर्यावरण मित्रों के आवास निर्माण के लिए आरक्षित करने का वादा किया था। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब इस योजना को लेकर उम्मीदें और भी प्रबल हो गई हैं।

महापौर ने कहा कि नगर निगम के पर्यावरण मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके वर्षों पुराने आवास के सपने को साकार करना प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवास योजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जाएंगी।

कार्यक्रम में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के शाखा अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, महामंत्री अंकित कुमार, संदीप आजाद, लक्ष्मण चौहान, मुकेश राजौरिया, रंजीत कुमार, अशोक राजपाल, मुकेश सिंह, राजपाल सिंह और विनोद सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.