नगला में 1 करोड़ की सौगात! 140 स्ट्रीट लाइटों से कैसे बदलेगा इलाके का नक्शा?

नगला। नगर पालिका परिषद नगला द्वारा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जाने वाली 140 स्ट्रीट लाइटों के कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला के साथ संयुक्त रूप से शिलान्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अतिक्रमण के नाम पर विरोधियों द्वारा भ्रामक तथ्यों के जरिए नगला के विकास कार्यों को बाधित करने का प्रयास किया गया, जिससे क्षेत्र की प्रगति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि अब नवगठित नगर पालिका परिषद के गठन और चुनाव संपन्न होने के बाद विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि बोर्ड अध्यक्ष और सभासद नगला के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। क्षेत्र को सुंदर, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में स्ट्रीट लाइटों की स्थापना एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल रात्रि के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

राजेश शुक्ला ने यह भी कहा कि नगर पालिका परिषद उनके मार्गदर्शन और संरक्षण में निरंतर विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नगला को आधारभूत सुविधाओं से पूर्ण विकसित क्षेत्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष पिंकी डिमरी, सभासद सुनील रुहेला, गोपाल जोशी, धनुज यादव, सुरेंद्र यादव, सुनील प्रसाद, अजय बंसल, अधिशासी अधिकारी विजय बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.