देहरादून। शहर में जल एवं सीवर बिलों में कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माता नजर आ रहा है। बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उत्तराखण्ड जल संस्थान के इंदिरानगर स्थित कार्यालय पहुंचकर उप प्रभागीय अधिकारी (एसडीओ) को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में बिना सीवर सुविधा उपलब्ध कराए उपभोक्ताओं से सीवर शुल्क की वसूली की जा रही है।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देहरादून महानगर के पंडितवाड़ी, वसंत विहार, इंदिरानगर, कांवली, द्रोणागिरी और पटेल नगर सहित अनेक क्षेत्रों में जल आपूर्ति और सीवर व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर सीवर लाइन का कार्य अधूरा है या घरों तक कनेक्शन जोड़े ही नहीं गए हैं, इसके बावजूद नियमित बिलों में सीवर शुल्क जोड़ा जा रहा है।
डॉ. गोगी ने इसे उपभोक्ताओं के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में सीवर कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं, वहां से सीवर टैक्स की वसूली तत्काल बंद की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि अब तक गलत तरीके से वसूले गए शुल्क का समायोजन किया जाए तथा उपभोक्ताओं को रिफंड दिया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने जल आपूर्ति की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। उनका कहना है कि कई इलाकों में पानी का दबाव बेहद कम है और आपूर्ति अनियमित है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद बिलों में किसी प्रकार की राहत या संशोधन नहीं किया जा रहा।
ज्ञापन में मांग की गई कि अधूरे पड़े सीवर कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए, जल आपूर्ति की कम दबाव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
डॉ. गोगी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो महानगर कांग्रेस कमेटी जनता के हित में व्यापक जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शहरवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है और आगे भी आम नागरिकों की आवाज बुलंद करती रहेगी।
इस दौरान पार्षद अभिषेक तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष कांवली राजेश पुंढिर, अंजू भारती, ट्विंकल अरोड़ा, अल्ताफ अहमद, रामकुमार थपलियाल, राजीव चौधरी, जसविंदर सिंह मोडी, अमन कुमार, आयुष सेमवाल, रामबाबू, संजय शर्मा, अनिरुद्ध सिंह, आदर्श सूद, गगन छाजर, वीरेंद्र पंवार, सूरज छेत्री, गुरनैन सिंह, अमनदीप सिंह और विलियम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।