After Header-1

यूपीःप्रदेश सरकार ने कोरोना कर्फ्यू की अवधि 17 मई तक बढ़ा दी

लखनऊ । यूपी में कोरोना मरीजों की संख्या में आई कमी के बाद प्रदेश सरकार कोई मौका नहीं लेना चाहती। यह देखते हुए सरकार ने प्रदेश में 17 मई तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि आंशिक कोरोना कर्फ्यू की अवधि 17 मई सुबह सात बजे तक कर दी गयी है। इस दौरान मेडिकल स्टोर्स और अन्य जरूरी सेवाओं पर रोक टोक नहीं होगी हालांकि सड़कों पर बेवजह घूमने वाले लोगों पर सख्ती की जायेगी। यह तीसरा मौका है जब सरकार ने कोरोना कर्फ्यू की अवधि में बढ़ोत्तरी की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में टीम-09 की बैठक में कोरोना कर्फ्यू बढ़ाने का फैसला लिया गया है। आंशिक कोरोना कर्फ्यू के अब तक आये सार्थक परिणामों को देखते हुये बैठक में इसकी मियाद एक सप्ताह और बढा दी गयी है। इससे पहले के निर्देश के अनुसार कोरोना कर्फ्यू सोमवार सुबह सात बजे समाप्त हो रहा था।

उन्होने बताया कि आंशिक पाबंदियों के चलते पिछले आठ दिनो में कोरोना के नये मामलों में 65 हजार की कमी आयी है जो निसंदेह उत्साहजनक है। लोगों से अपील है कि जानलेवा संक्रमण से खुद को और परिवार को बचाने के लिये कोविड प्रोटोकाल का अक्षरश: पालन करें। जब बहुत जरूरी हो तब ही घर से मास्क पहन कर बाहर निकलें और दूसरे से कम से कम दो गज की दूरी बना कर रखें।

सहगल ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान जरूरी चीजों जैसे मेडिकल स्टोर्स, राशन की दुकाने,वैक्सीनेशन और अन्य आवाश्यक सेवायें जारी रहेंगी। हालांकि बेवजह घूमने निकले लोगों के साथ सख्त बर्ताव किया जायेगा। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना जांच का अभियान जारी रहेगा। इस दौरान शहरी और ग्रामीण इलाकों में सेनीटाइजेशन का काम अनवरत जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.