After Header-1

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत का धमाका, पुरुषों ने युगांडा और महिलाओं ने सिंगापुर को हराया

अहमदाबाद, 25 अक्टूबर। गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने जीत के साथ अपना दम दिखाया। शनिवार को खेले गए मुकाबलों में भारतीय पुरुष टीम ने युगांडा को 44-30 से शिकस्त दी, जबकि महिला टीम ने सिंगापुर को 32-16 से हराया। दोनों टीमों ने बेहतरीन रेडिंग और मजबूत खेल के दम पर मुकाबले अपने नाम किए।

पुरुष टीम ने युगांडा को 14 अंकों से हराया

भारतीय पुरुष टीम की जीत में शिवम पटारे ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आठ रेड पॉइंट हासिल किए, जिनमें छह टच और दो बोनस पॉइंट शामिल रहे। नवीन कुमार और भरत ने छह-छह रेड पॉइंट जुटाए, जबकि आदित्य शिंदे ने चार अंक जोड़े।

भारत ने मुकाबले में 27 रेड पॉइंट, 11 टैकल पॉइंट और ऑलआउट से छह अंक हासिल किए। डिफेंस में अजीत पवार ने तीन टैकल पॉइंट अर्जित किए। नितेश, योगेश दहिया और दीपक एस ने दो-दो टैकल पॉइंट हासिल किए।

युगांडा की ओर से मुलैरे डगलस ने नौ रेड पॉइंट बनाकर अपनी टीम के लिए सर्वाधिक योगदान दिया। ओकिडी कार्नोल्ड और सेंगेंडो जिमी ने पांच-पांच अंक जुटाए। हालांकि, रक्षात्मक प्रदर्शन में पिछड़ने के कारण युगांडा को हार का सामना करना पड़ा।

महिला टीम ने सिंगापुर को दी शिकस्त

भारतीय महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को 32-16 से हराया। भारत की ओर से साक्षी ने छह रेड पॉइंट हासिल किए, जबकि रेणुका और अनु ने चार-चार अंक जोड़े। निधि शर्मा ने तीन पॉइंट का योगदान दिया।

भारतीय टीम ने 19 रेड पॉइंट, नौ टैकल पॉइंट और ऑलआउट से चार अंक हासिल किए। डिफेंस में सुमन ने चार टैकल पॉइंट लेकर अहम भूमिका निभाई, जबकि मुस्कान शर्मा ने दो अंक जुटाए।

सिंगापुर की ओर से अर्थी सेल्वन ने पांच रेड पॉइंट हासिल किए। आनंदराजन सिंधिनी और एम. विश्वलाह देवी ने चार-चार अंक बनाए, लेकिन टीम भारतीय डिफेंस के सामने सफल टैकल नहीं कर सकी।

अगले मुकाबलों पर रहेंगी नजरें

शानदार शुरुआत के बाद भारतीय महिला टीम का अगला मुकाबला युगांडा से शाम 6:45 बजे होगा। वहीं, पुरुष टीम रात 8 बजे मलेशिया के खिलाफ उतरेगी। दोनों टीमों की कोशिश जीत का सिलसिला जारी रखने की होगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.