देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून स्थित सेन्ट्रियो मॉल, हाथीबड़कला में गौ-संरक्षण पर आधारित फिल्म *‘गौदान’* का अवलोकन किया। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसकी विषयवस्तु की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, ग्राम्य जीवन और गौ-संवर्धन की परंपरा से जुड़ा अत्यंत सार्थक और प्रेरणादायी प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गौदान’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ-माता का विशेष स्थान रहा है और इस विषय पर संवेदनशील एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ फिल्म निर्माण किया जाना सराहनीय है।
फिल्म के निर्माता श्री विनोद कुमार चौधरी और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पावन भूमि सदियों से कला, साहित्य और संस्कृति की समृद्ध धरोहर रही है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश के प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रभावी फिल्म नीति लागू की गई है, जिसके अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था, शूटिंग हेतु सरल अनुमति प्रक्रिया और स्थानीय कलाकारों व तकनीशियनों को प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है। नई फिल्म नीति के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं और राज्य में फिल्मांकन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री गणेश जोशी, श्रीमती रेखा आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान फिल्म से जुड़े कलाकारों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।