देहरादून। मुख्यमंत्री की पहल पर संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड चकराता के दूरस्थ गांव काण्डोई भरम स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. हर्षिता सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों के माध्यम से 969 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया।
दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्र में आयोजित इस शिविर को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 669 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरतमंदों को औषधि वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने सड़क, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, विद्युत और राजस्व से जुड़ी कुल 39 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें सबसे अधिक 9 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। शिक्षा विभाग की 6, लोक निर्माण विभाग की 5, स्वास्थ्य विभाग की 4 शिकायतें दर्ज की गईं। इसके अलावा विद्युत, पेयजल और ग्राम्य विकास विभाग से संबंधित 2-2 तथा पीएमजीएसवाई, पर्यटन, लघु सिंचाई, समाज कल्याण, वन, कृषि और पशुपालन से संबंधित 1-1 शिकायतें सामने आईं।
संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. हर्षिता सिंह ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करें। अभियान का उद्देश्य प्रशासन को गांव की चौखट तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।