यूपी : राज्यपाल से मिले बीजेपी प्रभारी राधामोहन सिंह, अटकलों का बाजार गर्म

लखनऊ।यूपी भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की।  मुलाकात से सियासी अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। लगभग आधे घंटे तक चली दोनों के बीच बातचीत। मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों को खारिज करते हुए राधामोहन सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और संगठन बहुत मजबूती के साथ चल रहे हैं। देश के अंदर सबसे मजबूत संगठन और सबसे लोकप्रिय सरकार उत्तर प्रदेश में ही काम कर रही है।

राज्यपाल से मुलाकात की वजह के बारे में भाजपा उपाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी का उत्तर प्रदेश प्रभारी बनने के बाद अभी तक राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो पाई थी इसीलिए वह मिलने चले आए। इस सवाल पर कि यह मुलाकात कहीं प्रदेश मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर तो नहीं हुई, सिंह ने कहा, ‘‘यह एक औपचारिक और व्यक्तिगत भेंट थी।

अटकलों का बाजार गर्म, फेरबदल के कयास

दरअसल, छह महीने बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि योगी कैबिनेट में फेरबदल होगा और एमएलसी बने एके शर्मा को कैबिनेट में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, बीजेपी के पदाधिकारी इससे इनकार कर रहे हैं। अटकलों से इतर अगर परम्परा और नियमों का बात करें तो राधामोहन सिंह की राज्यपाल से मुलाक़ात मंत्रीमंडल विस्तार के लिये नहीं हो सकती है। क़ायदे के तहत अगर किसी भी राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार या मंत्रणा के लिये राज्यपाल से मुलाक़ात सिर्फ मुख्यंमंत्री ही कर सकते है। मुख्यमंत्री राज्यपाल से चर्चा के लिये समय मांगते हैं और अपनी तरफ़ से प्रस्तावित लोगों की लिस्ट सौंपते हैं। जिसपर आमतौर पर राज्यपाल सहमति देते है।

फिर से शुरू हुआ कयासों का दौर

राधा मोहन सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने पिछले हफ्ते राजधानी लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉक्टर दिनेश शर्मा तथा प्रदेश के तमाम मंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों से अलग-अलग बैठक की थी। ऐसी अटकलें लग रही थी कि विधानसभा चुनाव से बमुश्किल आठ महीने पहले कोविड-19 महामारी प्रबंधन को लेकर राज्य सरकार के प्रति अदालतों के कड़े रुख से उत्पन्न असहज स्थितियों तथा कुछ अन्य कारणों से सरकार और पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है। हालांकि राधा मोहन सिंह ने इसे पूरी तरह कल्पना करार दिया था। बहरहाल, सिंह के शनिवार को अचानक दोबारा लखनऊ पहुंचने से कयासों का दौर फिर से शुरू हो गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.