After Header-1

विकसित भारत के लिए सिर्फ तकनीक नहीं, संस्कार भी जरूरी: हरिद्वार में बोले राज्यपाल

हरिद्वार। राष्ट्र की वास्तविक शक्ति केवल आर्थिक और तकनीकी विकास में नहीं, बल्कि उसके नागरिकों के चरित्र, संस्कार, नैतिकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण में निहित होती है। श्रेष्ठ चिंतन, शुद्ध आचरण और लोकमंगल के लिए समर्पित कर्म ही एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। यह विचार राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में व्यक्त किए।

राज्यपाल ने अखंड ज्योति के अवतरण की शताब्दी और माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष को आध्यात्मिक चेतना एवं लोककल्याण की दृष्टि से महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव की विचारधारा और माताजी के त्याग, सेवा तथा नारी जागरण के आदर्श समाज को मानव कल्याण के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना केवल उनके भविष्य को बेहतर बनाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों और राष्ट्र को मजबूत करना है। समाज में सत्य, करुणा, ईमानदारी, सेवा, परोपकार और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को बढ़ावा देना जरूरी है।

युवाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवा शक्ति देश में सकारात्मक परिवर्तन की सबसे बड़ी संवाहक है। उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को सही दिशा देना समय की आवश्यकता है। युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक मूल्यों से भी जुड़े रहना चाहिए।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, संस्कृति और अध्यात्म को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में वैज्ञानिक प्रगति के साथ मानवीय संवेदना और नैतिक विवेक का संतुलन भी आवश्यक है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत 2047 के संकल्प की ओर बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी के साथ नैतिक और सांस्कृतिक उन्नति भी जरूरी है। कार्यक्रम में डॉ. चिन्मय पंड्या सहित संत-महात्मा, विद्वान, युवा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.