After Header-1

हेलमेट पहनने में न करें लापरवाही! उत्तरकाशी पुलिस ने सड़कों पर उतरकर चलाया जागरूकता अभियान

उत्तरकाशी। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के प्रति जागरूक करने के लिए उत्तरकाशी यातायात पुलिस ने शनिवार को जिला मुख्यालय में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है।

पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। निरीक्षक यातायात सुनील कुमार के नेतृत्व में निकाली गई यह रैली तिलोथ, इंद्रावती पुल, गौतम पार्क, जोशियाड़ा, ज्ञानसू, गैस गोदाम, तांबाखाणी, बस अड्डा, सब्जी मंडी और भटवाड़ी टैक्सी स्टैंड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठकर यात्रा करने वाले सह-सवारों को हेलमेट की अनिवार्यता और उसके महत्व की जानकारी दी। पुलिस टीम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

पीछे बैठने वाले की लापरवाही भी पड़ सकती है भारी

यातायात पुलिस ने बताया कि अक्सर दोपहिया वाहन चालक तो हेलमेट पहन लेते हैं, लेकिन पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट के सफर करता है। यह लापरवाही दुर्घटना के समय जानलेवा साबित हो सकती है। सड़क हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक कम किया जा सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि हेलमेट को केवल चालान से बचने का माध्यम न समझें, बल्कि इसे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का जरूरी साधन मानें। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम किया जा सकता है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है और छोटी-सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.