देहरादून। स्कूली बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अक्षय पात्र फाउंडेशन, देहरादून की ओर से भोजन माताओं के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भोजन माताओं को भोजन तैयार करने से लेकर उसके सुरक्षित भंडारण और बच्चों को परोसने तक की जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ बच्चों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान भोजन माताओं को रसोई की नियमित साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और भोजन पकाने के दौरान स्वच्छता के निर्धारित मानकों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि भोजन तैयार करते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। खाद्य सामग्री को सही तरीके से सुरक्षित रखना और भोजन को स्वच्छ वातावरण में परोसना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षकों ने बताया कि बच्चों के भोजन में स्वच्छता और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। भोजन तैयार करने के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। ऐसे में भोजन माताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्हें रसोई में स्वच्छता के नियमों का नियमित पालन करने और खाद्य सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई।
व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी रहा जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम में केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से भी भोजन तैयार करने और सुरक्षित रखने के तरीके समझाए गए। विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन कर भोजन माताओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन बनाने के सही तौर-तरीकों से अवगत कराया गया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण में भोजन माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्कूल स्टाफ ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग दिया। आयोजकों का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यालयों में भोजन व्यवस्था को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है, ताकि बच्चों को बेहतर पोषण के साथ स्वस्थ वातावरण भी मिल सके।

