नयी दिल्ली।केंद्र द्वारा घर-घर राशन’ योजना रोकने को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। सीएम केजरीवाल ने कहा कि अगले हफ्ते से घर-घर राशन पहुंचाने का काम शुरू होने वाला था। सारी तैयारी हो गई थी और अचानक केंद्र ने 2 दिन पहले इसे क्यों रोक दिया? ये कह के इसे खारिज किया गया है कि हमने केंद्र सरकार से इसकी मंजूरी नहीं ली।
सीएम के मुताबिक दिल्ली सरकार ने एक बार नहीं बल्कि 5 बार केंद्र से मंजूरी ली है। कानूनन किसी मंजूरी की जरूरत नहीं है। राशन की होम डिलिवरी क्यों नहीं होनी चाहिए? आप राशन माफिया के साथ खड़े होंगे तो गरीबों के साथ कौन खड़ा होगा? उन 70 लाख गरीबों का क्या होगा जिनका राशन ये राशन माफिया चोरी कर लेते हैं।उन्होंने आगे कहा कि मैं दिल्ली के 70 लाख गरीबों की ओर से हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से निवेदन करता हूं कि वो घर-घर राशन योजना को ना रोकें।
ये पूरा मामला राष्ट्रहित से जुड़ा हुआ है। इसमें किसी तरह की कोई राजनीति नहीं है। इस योजना से सिर्फ और सिर्फ दिल्ली में रहने वाले गरीबों को ही लाभ होगा।
केंद्र सरकार ने आरोपों को आधारहीन करार दिया
केंद्र सरकार ने एक बयान में कहा कि दिल्ली सरकार जिस तरह चाहे राशन वितरण कर सकती है और उसने दिल्ली सरकार को ऐसा करने से नहीं रोका है। बयान के मुताबिक, वे किसी अन्य योजना के अंतर्गत भी ऐसा कर सकते हैं। भारत सरकार अधिसूचित दरों के अनुसार इसके लिए राशन उपलब्ध कराएगी। ऐसा कहना बिल्कुल गलत होगा कि केंद्र सरकार किसी को कुछ करने से रोक रही है। इसके मुताबिक, केंद्र सरकार दिल्ली को अतिरिक्त राशन प्रदान करने को भी तैयार है, फिर दिल्ली सरकार उसे जिस तरह चाहे वितरित करे।