नहाय-खाय से शुरू हुई पूजा
छठ महापर्व के पहले दिन व्रती स्नान कर घरों की साफ-सफाई करते हैं और पूरी पवित्रता के साथ सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। परंपरा के अनुसार लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का प्रसाद तैयार किया जाता है। दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।
डूबते और उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य
छठ पूजा का तीसरा दिन विशेष महत्व रखता है। रविवार 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए श्रद्धालु परिवार के सदस्यों के साथ फल, नारियल, गन्ना और ठेकुआ से सजे बांस के सूप लेकर नदी, तालाब और घाटों पर पहुंचेंगे। सोमवार 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर अपना व्रत खोलेंगे।
ठेकुआ और पारंपरिक प्रसाद की खास पहचान
छठ पूजा में ठेकुआ का विशेष धार्मिक और पारंपरिक महत्व है। गेहूं के आटे और गुड़ से तैयार इस प्रसाद को पूरी शुद्धता के साथ बनाया जाता है। इसके अलावा केला, नारियल, गन्ना और मौसमी फलों को बांस के सूप में सजाकर सूर्यदेव को अर्पित किया जाता है।
प्रकृति और सामाजिक एकता का संदेश
छठ महापर्व की विशेषता यह है कि इसमें महिलाएं और पुरुष दोनों समान श्रद्धा से व्रत रखते हैं। यह पर्व सूर्य, जल और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के साथ सामाजिक एकता और स्वच्छता का संदेश भी देता है। जाति और वर्ग के भेदभाव से दूर सभी श्रद्धालु एक साथ घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। बिहार और पूर्वांचल की सांस्कृतिक पहचान बन चुका छठ महापर्व अब उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों में भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।

