मेले का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गौचर मेला महज एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। इसकी शुरुआत वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और अन्य स्थानीय उत्पादों का बड़े स्तर पर व्यापार होता था। समय के साथ इस मेले का स्वरूप विस्तृत हुआ और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में देशभर में पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के लिए अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का महत्वपूर्ण मंच है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ लोक कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इन परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
चमोली जनपद की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्व प्रसिद्ध चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। इस वीरभूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि युवाओं को रोजगार की तलाश में पलायन न करना पड़े। इसके लिए पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, दालें, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश की मातृशक्ति के परिश्रम, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।

