समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या और दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद शांतिकुंज के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रज्ञा योग और विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और आध्यात्मिक परंपराओं को जीवंत किया।
महोत्सव के प्रथम दिन के दूसरे सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि गायत्री परिवार व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और राष्ट्र निर्माण के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना का संचार कर रहा है। अखंड दीप की शताब्दी केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और नैतिक मूल्यों के प्रकाश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने गायत्री परिवार के रचनात्मक और सामाजिक कार्यों की सराहना की।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उपस्थित जनसमुदाय को मातृत्व और भाईचारे की भावना का विस्तार करने, नारी सम्मान को प्राथमिकता देने तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के तीन संकल्प दिलाए। इसके बाद उन्होंने माताजी की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में विशेष डाक टिकट का अनावरण किया।
गायत्री परिवार की शताब्दी यात्रा में इस डाक टिकट को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह पिछले सौ वर्षों की साधना, तप, सेवा, संगठन और लोकमंगल के लिए किए गए रचनात्मक प्रयासों का राष्ट्रीय स्तर पर स्मरण कराता है। इससे पहले वर्ष 1991 में युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के सम्मान में और वर्ष 2021 में शांतिकुंज की स्थापना की स्वर्ण जयंती पर डाक टिकट जारी किया गया था। माताजी की स्मृति में जारी यह तीसरा विशेष डाक टिकट है।
इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह महोत्सव वंदनीया माताजी की जन्मशताब्दी, युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की तप-साधना और अखंड दीप के सौ वर्षों का ऐतिहासिक त्रिवेणी संगम है। उन्होंने कहा कि लोकमंगल और समाज के नैतिक उत्थान के लिए राजतंत्र की व्यवस्थागत शक्ति तथा धर्मतंत्र की नैतिक चेतना का समन्वय आवश्यक है।
आयोजन की व्यवस्थाओं में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के करीब 650 विद्यार्थी सेवाएं दे रहे हैं। हरिद्वार के बाद दिल्ली में आयोजित महोत्सव के इस दूसरे चरण में व्यक्ति, परिवार और राष्ट्र निर्माण के संकल्पों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। दो नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में नारी जागरण, विश्व बंधुत्व और युग निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
समारोह में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनसुख मांडविया, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा, महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री सुधीर मुनगंटीवार सहित विभिन्न राज्यों के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
